मैहतपुर (ऊना)। नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा में वीरवार को हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव पर कांग्रेस पार्षदों ने कड़ी आपत्ति दर्ज करवाते हुए इसकी शिकायत जिलाधीश ऊना जतिन लाल से की है। साथ ही पूरी चुनाव चुनाव प्रक्रिया को रद्द करके नए सिरे से अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष का चुनाव करवाने की मांग उठाई है। कांग्रेस पार्षदों ने अपनी शिकायत में कहा है कि अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष का चुनाव एसडीएम ऊना की मौजूदगी में होता है। नियमानुसार इस चुनाव प्रक्रिया में पीठासीन अधिकारी के अलावा चुनाव आयोग द्वारा अधिकृत व्यक्ति तथा विजयी पार्षद ही मौजूद रह सकते हैं। इसके अलावा कोई भी चुना हुआ प्रतिनिधि अथवा अन्य कोई भी व्यक्ति उपस्थित नहीं रह सकता, लेकिन पूरी चुनाव प्रक्रिया में मौजूदा भाजपा विधायक सतपाल सती उपस्थित रहे और उनके उपस्थित रहने से चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई है, जिसकी जांच की जानी चाहिए। पार्षदों में जिलाधीश ऊना को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि पीठासीन अधिकारी ने विधायक को चुनाव प्रक्रिया से हटने अथवा कुछ देर के लिए दूसरे कमरे में जाने की सलाह दी, मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया और वह इस चुनाव प्रक्रिया में डटे रहे। शिकायत में कहा गया है कि भले ही विधायक को वोट का अधिकार है लेकिन वह तब ही अंदर वोट डालने जा सकते है, जब उन्हें ऐसा करने के लिए पीठासीन अधिकारी द्वारा बुलाया जाता लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और उनकी मौजूदगी से चुनाव की निष्पक्षता तथा पारदर्शिता प्रभावित हुई है।
ज्ञापन में पार्षदों ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1994 के प्रधान प्रावधानों से संबंधित नियमों और राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार ही चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्षता से संपन्न होनी चाहिए लेकिन अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के मामले में ऐसा नहीं हुआ है। लिहाजा वे इस चुनाव प्रक्रिया को रद करने की मांग करते हैं। साथ ही उस दिन की वीडियोग्राफी की जांच हो सीसीटीवी फुटेज देखे जाएं। पार्षदों के बयान दर्ज हों और नई सिरे से अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया करवाई जाए।