फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी पर हमला, सरकारी संपत्ति को पहुंचाया नुकसान

विज्ञापन
विज्ञापन
घटना के विरोध में कर्मचारियों ने शुरू की पेन डाउन हड़ताल
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी

थानाकलां (ऊना)। लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय बंगाणा में एक व्यक्ति ने कार्यालय में घुसकर एक वरिष्ठ लिपिक के साथ मारपीट की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद विभाग के सभी कर्मचारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पेन डाउन हड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग बंगाणा में कार्यरत वरिष्ठ सहायक अश्वनी कुमार ने थाना बंगाणा में शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार 31 अक्तूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे रोहित कुमार अचानक उनके कार्यालय में पहुंचा और पहले गाली-गलौज की। जब अश्वनी कुमार ने इसका विरोध किया तो उसने उन पर हमला कर दिया और उनकी कमीज के बटन तक तोड़ डाले। शिकायतकर्ता ने बताया कि सरकारी कार्य पूरी तरह बाधित रहा और लगभग डेढ़ घंटे तक कार्यालय का माहौल अस्त-व्यस्त बना रहा। आरोपी ने कंप्यूटर व प्रिंटर को तोड़ दिया, जिसमें टेंडर्स व अति आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित थे। इतना ही नहीं उसने टेबल पर रखे ठेकेदारों के एग्रीमेंट और एक पेन ड्राइव भी उठा ली, जिसमें विभागीय जानकारी मौजूद थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने कंप्यूटर सिस्टम की सीपीयू और अन्य उपकरणों को भी क्षति पहुंचाई और कई महत्वपूर्ण फाइलें उठाकर ले गया।
विज्ञापन

अश्वनी कुमार ने बताया कि यह व्यक्ति पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका है और यदि भविष्य में उनके साथ किसी प्रकार की क्षति होती है, तो इसका जिम्मेदार वही व्यक्ति होगा। घटना की जानकारी मिलते ही विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष फैल गया। उन्होंने तत्काल पेन डाउन हड़ताल का एलान किया और आरोपी की गिरफ्तारी तक काम बंद रखने का निर्णय लिया।
बॉक्स
विभाग का कामकाज रहा प्रभावित
कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। यह भी चेतावनी दी कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक कार्यालय में कोई भी कर्मचारी काम पर नहीं लौटेगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद लखनपाल ने बताया कि मेरे स्टाफ के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई है और कार्यालय की सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया है। यह अत्यंत निंदनीय घटना है। पुलिस को आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
विज्ञापन

पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
बॉक्स
विधायक विवेक शर्मा ने मारपीट की निंदा की
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय में हुई गुंडागर्दी की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में इस प्रकार की अराजकता और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार इस पूरे मामले पर गंभीरता से विचार कर रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें