दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के नंगल जरियालां गांव में कोरोना के 12 मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। पंचायत ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए तुरंत प्रभाव से गांव में धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने पर रोक लगा दी है।
पंचायत प्रधान सीमा भारद्वाज और उपप्रधान कैप्टन सुशील जरियाल ने बताया कि गांव के वार्ड एक और दो में इस समय कोरोना के 12 एक्टिव केस हैं। इनमें से 8 लोग होम आइसोलेट हैं। चार लोगों को तबीयत ज्यादा खराब होने की वजह से वे कोविड केयर अस्पताल पालकवाह में उपचाराधीन हैं।
उन्होंने बताया कि गांव में कोरोना के बढ़ते मामले देखते हुए पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि आगामी आदेशों तक गांव में कोई भी धार्मिक, सामाजिक और किसी भी प्रकार के सार्वजनिक कार्यक्रम करने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा पंचायत की आगामी बैठकें भी स्थगित कर दी हैं।
इससे संबंधित नोटिस भी गांव में लगा दिए हैं। इस आदेश की उल्लंघन करने वाले पर आपदा प्रबंधन और पंचायतीराज अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि गांव में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए 27 जुलाई को वार्ड नंबर एक और दो में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष तौर पर कोरोना टेस्ट किए जाएंगे। इसके अलावा गांव के वार्ड नंबर 3, 4, 5 और 6 में 30 जुलाई को कोरोना टेस्ट किए जाएंगे। सभी से आग्रह किया गया है कि टेस्ट करवाने में सहयोग करें।