नंगल। राजीव गांधी चौक के बंद किए रेल क्रॉसिंग फाटक और फ्लाईओवर के धीमे निर्माण के खिलाफ नंगल के दुकानदारों, ट्रक ऑपरेटरों और स्थानीय लोगों ने वीरवार को रोष प्रदर्शन किया।
इस दौरान लोगों ने प्रदेश सरकार और फ्लाईओवर का निर्माण कर रही कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुरजीत सिंह, रामदयाल, दुकानदार ओंकार सिंह व करनैल सिंह ने कहा कि बीते पांच वर्षों से नंगल में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चला हुआ है। आलम यह है कि नंगल आने जाने वालों को भी नंगल डैम से बस लेनी पड़ती है। इस कारण लोगों को लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर आना जाना पड़ता है। दूसरी तरफ नंगल के राजीव गांधी चौक के निकट रेल क्रॉसिंग फाटक को बंद कर देने से शहर में पूरा दिन जाम के हालात बने रहते हैं और लोगों को घंटों गर्मी में खड़े रहना पड़ता है।
लोगों ने कहा कि जब कंपनी ने निर्माण कार्य को पूरी तरह बंद कर दिया है तो राजीव गांधी चौक के निकट वाले रेल क्रॉसिंग फाटक को जनता के लिए खोल देना चाहिए। लोगों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर राजीव गांधी चौक के निकट रेल क्रॉसिंग फाटक को पहल के आधार पर न खोला तो 15 जून को उपमंडल अधिकारी कार्यालय नंगल के समक्ष जोरदार रोष प्रदर्शन किया जाएगा।