विज्ञान अध्यापक संघ बोला, हर महीने बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षक
हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ की घुमारवीं में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ बिलासपुर की जिला स्तरीय बैठक घुमारवीं में हुई। बैठक में पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि टीजीटी से प्रवक्ता पदोन्नति सूची में विज्ञान विषयों के अधिक से अधिक अध्यापकों को शामिल किया जाए, ताकि उन्हें अपने विषयों में पदोन्नति का लाभ मिल सके।
पदाधिकारियों ने बताया कि विज्ञान अध्यापक पिछले दो साल से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। मुख्याध्यापक पद पर पदोन्नति के इंतजार में कई अध्यापक सेवानिवृत्त हो चुके हैं। बहुत से हर महीने बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कई विज्ञान अध्यापक 25 वर्ष से अधिक सेवा के बाद भी पदोन्नति से वंचित हैं। संघ ने कर्मचारियों का देय महंगाई भत्ता और छठे वेतन आयोग का लंबित एरियर भी शीघ्र जारी करने की मांग की।
बैठक में यह भी कहा गया कि शिक्षा विभाग में उपस्थिति दर्ज करने के लिए लगातार नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। हाल ही में स्विफ्ट चैट के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के आदेश लागू हुए थे, अब जियो टैगिंग और जियो फेंसिंग के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। संघ ने कहा कि इस तरह की व्यवस्थाएं शिक्षकों की ईमानदारी पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे आदेश तुरंत वापस लेने की मांग की।
बैठक में जिला प्रधान अवनीश कुमार, मुख्य संरक्षक अशोक मिश्रा, वरिष्ठ उप प्रधान रवि शर्मा, महासचिव संजीव बंसल, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।