ऊना। नागरिक अस्पताल अंब में ऑपरेशन थियेटर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसे लेकर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इस प्रस्ताव के तहत अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर के लिए विभिन्न उपकरण स्थापित किए जाएंगे ताकि इस सुविधा को लोगों के लिए शुरू किया जा सके। नागरिक अस्पताल अंब में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर की सुविधा शुरू करने के लिए भी विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर विभाग की तरफ से बजट पहले ही मंजूर किया जा चुका है। इसके बाद अन्य उपकरण स्थापित करने के लिए जल्द ही विभागीय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बीते दिनों अस्पताल के लिए सर्जन की तैनाती भी कर दी गई है ताकि ऑपरेशन की सुविधा शुरू करने के लिए दिक्कतों का सामना न करना पड़े। बता दें कि वर्तमान में अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर की सुविधा नहीं है। ऐसे में केवल प्राथमिक उपचार देकर ही मरीजों को सर्जरी से संबंधित मामलों में क्षेत्रीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए विभाग ने बीते दिनों अस्पताल में सर्जन की तैनाती कर दी है लेकिन उपकरण स्थापित न होने के चलते अभी तक ऑपरेशन प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। इसे लेकर अब अस्पताल प्रबंधन ने उपकरण स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उसे आगामी कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिया है।
अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर स्थापित करने के लिए प्रक्रिया चल रही है। इसे लेकर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है इस पर आगामी कार्रवाई उच्च अधिकारियों द्वारा ही की जाएगी।
-डॉ. राहुल कतना, चिकित्सा प्रभारी नागरिक अस्पताल अंब