नंगल (ऊना)। बाबा उधो मंदिर के निकट बने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में हाई प्रो क्लोराइड लीकेज के चलते तीन कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल नंगल में भर्ती करवाया गया। कर्मियों को प्राथमिक उपचार देने के उपरांत सेक्टर-32 चंडीगढ़ अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि हाई प्रो क्लोराइड से प्रभावित कुलदीप सिंह, उमंग व सतपाल में ऑक्सीजन की लगातार कमी दर्ज की जा रही थी। प्लांट के ऑपरेटर नैन सिंह के अनुसार हाई प्रो क्लोराइड व फटकड़ी का मिश्रण होने के चलते बनी गैस की चपेट में आने से वाटर सप्लाई विभाग के तीनों कर्मचारी प्रभावित हुए थे और इन तीनों कर्मचारियों को आनन फानन में सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीनों का उपचार करने के उपरांत सेक्टर-32 अस्पताल में रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल नंगल की एसएमओ प्रियंका ने कहा कि तीन लोगों का ऑक्सीजन स्तर तेजी से नीचे जा रहा था, जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के उपरांत चंडीगढ़ भेजा गया। उधर एसडीएम नंगल सचिन पाठक ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि तीनों कर्मचारी ठीक हैं। गाड़ी में हाई प्रो क्लोराइड के ड्रम लोड करते समय हाई प्रो क्लोराइड लीकेज होने के कारण यह घटना हुई।