बस स्टैंड से बाहर निकालने के बाद भी कई जगह रुकती हैं निजी बसें
अधिक से अधिक यात्री चढ़ाने के चक्कर में नियमों को किया जा रहा अनदेखा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शहर में निजी बस संचालकों की मनमानी के चलते आए दिन किसी हादसे का खतरा बना रहता है। इसे लेकर कई बार प्रशासन की तरफ से बस स्टैंड से बाहर निकलने के बाद बस चालकों को जगह जगह ब्रेक न लगाने के लिए निर्देश भी जारी किए गए हैं। लेकिन, इन निर्देशों की शहर में सरेआम अनदेखी की जा रही है। निजी बस चालकों की इस मनमानी से शहर में जहां जाम लग रहा है, वहीं हादसा होने का खतरा भी बना रहता है। बस स्टैंड के बाहर, रोटरी चौक, एमसी पार्क के बाहर और जहां भी सवारी मिलती है, वहां निजी चालक बस रोक देते हैं। प्रशासन की तरफ से निजी बस चालकों की मनमानी पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। ऐसे में बिना किसी डर के जगह जगह बसों का ब्रेक लगा रहे हैं। सड़क पर सवारियां चढ़ाने के चक्कर में कई सड़क हादसे भी हो चुके हैं। प्रशासन की तरफ से शहर में कई स्थानों पर बसें खड़ी करने पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद शहर में 100 मीटर के दायरे में भी तीन से चार स्थानों पर निजी बसें खड़ी हो रही हैं। इससे अन्य वाहन चालकों को और पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कोट्स
इस मामले पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। बसें रोकने के लिए जहां बस स्टॉप बनाए गए हैं वहीं पर बसें खड़ा करने के नियम हैं। नियमों की अनदेखी पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक, ऊना