ऊना। जिले में आलू की पटाई ने अभी जोर नहीं पकड़ा और इस बीच सोमवार सुबह फसल के दाम धड़ाम से नीचे गिर गए। किसान अच्छी आय अर्जित करने की उम्मीद में पंजाब की मंडियों में फसल लेकर पहुंचे लेकिन वहां उन्हें बड़ा झटका लगा। सोमवार को आलू के दाम 1600 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास रहे जबकि इससे पहले यही दाम 2400 रुपये के आसपास थे।
जानकारी के अनुसार जिले में आलू की बड़े स्तर पर पटाई अभी शुरू नहीं हुई। अभी कुछेक स्थानों से ही फसल को मंडियों में ले जाया जा रहा है। 20 नवंबर के बाद बड़ी मात्रा में आलू मंडियों में पहुंचेगा। इस बीच आलू के भाव 2400 रुपये से गिरकर अब 1600 रुपये प्रति क्विंटल तक जा पहुंचे हैं।
बीते रविवार को मंडियों में आलू 2400 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बिका। एक ही दिन के भीतर दाम 800 रुपये प्रति क्विंटल दाम गिर गए।
किसान सुरेंद्र सिंह, सरवन कुमार, अशोक सैनी, नरोत्तम शर्मा, अजय सैनी सहित अन्य ने कहा कि यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में आलू के भाव 1000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच जाएंगे। वर्तमान स्थिति फसल के लिहाज से ठीक नजर नहीं आ रही। किसानों ने कहा कि अभी तो बड़ी मात्रा में फसल खेतों से निकलकर मंडियों में पहुंचना बाकी है। आलू के दाम गिरने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
गौर हो कि ऊना जिले में बड़ी मात्रा में आलू की पैदावार होती है। जिले के किसान दो बार आलू की फसल उगाते हैं।
उपनिदेशक जिला कृषि विभाग डॉ. कुलभूषण धीमान ने बताया कि आलू की फसल अच्छे तरीके से तैयार हुई है।
किसानों को अभी तक फसल बिक्री में अच्छी आय अर्जित हो रही है। आने वाले दिनों में मंडियों की स्थिति पर आलू के दाम निर्भर करेंगे।