मामले में पुलिस के अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मामला
शव की डीएनए जांच के लिए भी लिए गए सैंपल
वीरवार सुबह अरनियाला में रेलवे लाइन के समीप मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय के पास स्थित अपर अरनियाला रोड पर रेलवे लाइन के समीप वीरवार सुबह झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम टांडा मेडिकल कॉलेज में किया गया। शिशु की मौत का कारण और शव कितने दिन से वहां पड़ा था, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस को उम्मीद है कि रिपोर्ट मंगलवार तक प्राप्त हो जाएगी। इसके साथ ही शव के डीएनए जांच के लिए सैंपल भी सुरक्षित रखे गए हैं। पुलिस ने जिले के सरकारी और निजी स्कूलों का डाटा खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि यह घटना किसी प्रवासी व्यक्ति की ओर से की गई हो सकती है। जिस स्थान पर शव मिला है, वहां के आसपास प्रवासी लोगों की बड़ी आबादी है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है।
थाना सदर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीरवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार और बदायूं निवासी सुरजीत गाड़ी की मरम्मत के लिए ट्रक यूनियन के पास स्थित एक गैराज में गए थे। जब वे शौच के लिए रेलवे लाइन की ओर गए तो उनकी नजर झाड़ियों में पड़े कपड़ों पर पड़ी। जब उन्होंने नजदीक जाकर देखा तो वहां नवजात शिशु का शव पड़ा था। उन्होंने तत्काल पुलिस और स्थानीय लोगों को सूचना दी। इस पर विजिलेंस थाना की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची, और बाद में थाना सदर की पुलिस भी वहां पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में शिशु मृत पाया गया, जिसके बाद शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले के कई पहलू स्पष्ट हो पाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि डीएनए जांच के लिए सैंपल सुरक्षित रखे गए हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।