संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के लठियाणी बड़सर क्षेत्र के बीच कैंची मोड़ पर कूड़े के ढेर से उत्पन्न हो रही गंदगी के मामले में वीरवार को जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया।
टीम ने मौके से अस्पताल की पर्चियों, दवाइयों और अन्य दस्तावेजों की जांच की और कुछ जरूरी कागजात कब्जे में लिए।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की यह कार्रवाई उस समय तेज हुई जब राष्ट्रीय ह्यूमन राइट्स विंग के प्रदेश चेयरमैन एवं जिला ऊना भारतीय जनता युवा मोर्चा के सचिव अजय ठाकुर ने अपनी टीम के साथ मिलकर कैंची मोड़ पर स्वयं सफाई अभियान चलाया। अजय ठाकुर ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बंगाणा का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे अमित कुमार को एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने साफ तौर पर बताया कि कैंची मोड़ पर लगातार फेंके जा रहे कूड़े के कारण पेयजल स्रोत दूषित हो रहे हैं। कैंची मोड़ पर लंबे समय से अवैध रूप से कूड़ा-कचरा डंप किया जा रहा, जिसमें घरेलू कचरे के साथ चिकित्सा अपशिष्ट भी शामिल हैं।
बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जब निरीक्षण किया तो उन्हें वहां दवाइयों की पैकिंग, प्रयोग की गई इंजेक्शन की सिरिंज और अन्य मेडिकल वेस्ट मिला। साथ ही कुछ संस्थानों की पर्चियां भी मिलीं, जिससे पता चल सकेगा कि ये कचरा कहां से आ रहा है।
अभियान के तहत अजय ठाकुर और उनकी टीम ने प्रशासन से मांग की कि इस क्षेत्र को चिह्नित कर यहां कूड़ा डालने पर प्रतिबंध लगाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पेयजल योजना में गंदगी पहुंचने से लोगों के बीमार होने का खतरा है।
उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बंगाणा का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जल्द कूड़ा फेंकने वालों पर नकेल कसी जाएगी। कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से बिल्कुल खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।