कहा, सरकार कर रही प्रदेश के युवाओं के साथ खिलवाड़
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। प्रदेश सरकार की नई ट्रेनी जॉब नीति को लेकर विरोध के सुर तेज़ हो गए हैं। इस नीति के खिलाफ पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा-प्रदेश में इस समय 'ट्रेनी सरकार' चल रही है, जो कर्मचारियों और बेरोजगारों को ठगने का काम कर रही है।
कंवर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर युवाओं और कर्मचारियों के साथ छलावा कर रही है। उन्होंने कहा कि नई नीति के अनुसार सरकारी नौकरी मिलने के बाद भी युवाओं को दो साल की ट्रेनिंग अवधि में पुनः परीक्षा देनी होगी। यदि वे इस परीक्षा में सफल नहीं हुए, तो उन्हें न तो वेतनमान में बढ़ोतरी मिलेगी और न ही पदोन्नति का अवसर। उन्होंने खुलासा किया कि अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारी भी अब इस नीति की चपेट में आ गए हैं। पहले से चयनित कर्मचारियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी, जिससे उनका भविष्य अनिश्चित हो गया है। कंवर ने कांग्रेस सरकार पर ओपीएस (पुरानी पेंशन योजना) का सपना दिखाकर सत्ता में आने के बाद कर्मचारियों की उम्मीदों को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार पर आर्थिक अव्यवस्था छिपाने के लिए इस प्रकार की नीतियों को लागू करने का आरोप भी लगाया। पूर्व मंत्री ने चेतावनी दी कि यह नीति युवाओं में असंतोष और आक्रोश को जन्म दे रही है, जो किसी बड़े आंदोलन का रूप ले सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस नीति पर पुनर्विचार करने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों के हितों के साथ खिलवाड़ न हो।