अंब (ऊना)। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं चिंतपूर्णी के विधायक कुलदीप कुमार ने शुक्रवार को अपने निर्धारित प्रोग्राम ‘विधायक आपके द्वार’ के तहत अंब विश्राम गृह में खुला दरबार लगा कर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुना।
इस मौके पर लोगों ने बिजली, पानी तथा रास्तों की समस्याओं को विधायक के सामने रखा। विधायक कुलदीप कुमार ने ज्यादातर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया। बाकी बची समस्याओं को हल करने के लिए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश जारी किए। इस मौके पर कुलदीप कुमार ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी तथा दुर्गम क्षेत्र में अकसर बारिश और बरसात के मौसम में लोगों को बिजली, पानी तथा रास्तों की समस्याओं से दो चार होना पड़ता है, इसीलिए हिमाचल की कांग्रेस सरकार इन मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का हरसंभव प्रयास कर रही है।
इस मौके पर विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष से 13 पात्र लोगों को चार लाख 26 हजार नौ सौ रुपये के चेक वितरित किए। इसमें धर्म सिंह कटौहड़ कलां को 30 हजार, संतोष कुमारी संतोटिल्ला को 30 हजार रुपये, अजय कुमार अंब को 5 हजार रुपये, रवि कुमार हंबोली को 20 हजार रुपये, ईसरो देवी भैरा को 93 सौ रुपये, बहादुर लाल अंब को 30 हजार रुपये, बलबीर सिंह सूरी को 75 सौ रुपये, सिकंदर कुठेड़ा को 30 हजार रुपये, सुरेंद्र देवी धुसाड़ा को 30 हजार रुपये, लेखराज ज्वार को 51 सौ रुपये, बलदेव सिंह भैरा को 20 हजार रुपये, सुलोचना देवी को 20 हजार रुपये, किशन चंद लोहारा को 10 हजार रुपये राहत के चेक वितरित किए गए।
इस मौके पर एसडीओ लोक निर्माण विभाग आरके शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम जंबाल, डॉ. रविंद्र शर्मा, गुलजारी लाल नंदा तथा कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।