अंब (ऊना)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में मकर संक्रांति के अवसर पर वीरवार को सारा क्षेत्र जो बोले सो निहाल, सतश्री अकाल के जयकारों से भक्ति के रंग में डूब गया।
मकर संक्रांति के अवसर पर पड़ोसी राज्यों से वीरवार सुबह से ही भारी संख्या में श्रद्धालु जुटना शुरू हो गए तथा चरण गंगा में श्रद्धालुओं ने स्नान करके उन्होंने गुरुद्वारा बाबा बड़भाग सिंह, बेरी साहिब, मंजी साहिब, कुज्जासर तथा बाबा नाहर सिंह के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और सुख शांति की कामना की। इस मौके पर कई धार्मिक संस्थाओं ने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था कर पुण्य कमाया। वहीं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई।
भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही अंब पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की तादाद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए।