ऊना। जिला भाजपा में अब जिला परिषद के उपाध्यक्ष को लेकर पेंच फंस गया है। जिप अध्यक्ष की कुर्सी ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने के चलते पहले ही यह सीट बहुमत जुटाने के बावजूद भाजपा के हाथ से फिसल गई है।
वहीं, सूत्रों के अनुसार रविवार को विश्राम गृह ऊना में बुलाई गई बैठक में काफी गहमागहमी रही। यह भी बताया जा रहा है कि भाजपा जिप अध्यक्ष को लेकर अंदरखाते जोड़-तोड़ की कोशिश में है। चूंकि भाजपा के पास जिला परिषद में इस बार सर्वाधिक 10 सीटें हैं, लेकिन ओबीसी वर्ग से कांग्रेस की तीन महिला प्रत्याशी विजयी होकर आई हैं। इनमें टकारला वार्ड से सोमा देवी भरवाल, जबकि आरक्षित वार्ड हरोली से सुभद्रा कुमारी तथा पंडोगा से अंजुबाला शामिल हैं। रविवार को विश्राम गृह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती की अध्यक्षता में जिप अध्यक्ष समेत उपाध्यक्ष पद पर सहमति को लेकर जिप के विजयी प्रत्याशियों की बैठक बुलाई गई। बैठक में पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा तथा जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार भाजपा ने बैठक में गुप्त रणनीति तय की है, जिसका जल्द खुलासा किया जाएगा। भाजपा के सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि अंदरखाते पार्टी तीनों विजयी ओबीसी महिला प्रत्याशियों में से किसी एक के संपर्क में है। ऐसे में अब देखना यह है कि अध्यक्ष पद की कुर्सी को कब्जाने के लिए भाजपा क्या रणनीति अख्तियार करती है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक जिला परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए रायपुर सहोड़ां से कांग्रेस के निवर्तमान जिप उपाध्यक्ष अवतार सिंह को हराकर निर्वाचित हुए पंकज सहोड़ तथा दूसरी बार जीत हासिल करने वाले बसाल वार्ड से पार्षद सोमदत्त की दावेदारी जताई जा रही है।
इनसेट
हाईकमान करेगा फैसला : बग्गा
जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा ने कहा कि रविवार को विभिन्न वार्डों से विजयी रहे पार्टी के प्रत्याशियों की आवश्यक बैठक बुलाई गई। उन्होंने पार्टी में उपाध्यक्ष पद को लेकर किसी तरह के गतिरोध से इंकार करते हुए कहा कि हाईकमान इस बाबत जो फैसला करेगी, वह सर्वमान्य होगा। वहीं, उन्होंने संकेत दिए कि जिला परिषद अध्यक्ष को लेकर भाजपा विजयी महिला प्रत्याशियों के संपर्क में है।
15 बीडीसी सदस्यों ने भरी हाजिरी
ऊना। जिला भाजपा कार्यालय में ऊना ब्लॉक से बीडीसी अध्यक्ष तय करने के लिए रविवार को एक बैठक बुलाई गई। इसमें कुल 28 नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्यों ने हाजिरी भरी, जबकि एक सदस्य ने किसी निजी कार्य में व्यस्त होने के चलते दूरभाष के माध्यम से अपनी सहमति दी। भाजपा जल्द बीडीसी अध्यक्ष तय करने की तैयारी में है। जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा ने कहा कि 28 में से 16 बीडीसी सदस्य उनके साथ हैं, जिनमें से 15 ने बैठक में हाजिरी भरी। पार्टी जल्द अपना अध्यक्ष तय करेगी।