ऊना। पंचायत चुनावों में भाजपा से मात खाने वाली कांग्रेस ने नगर निकाय चुनावों में हिसाब चुकता कर लिया है। जिले के दो नगर परिषदों समेत तीन नगर पंचायतों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने अपना परचम लहरा दिया है।
गगरेट व मैहतपुर नगर पंचायत को छोड़कर सभी निकायों में कांग्रेस को बढ़त मिली है। हालांकि मैहतपुर के आजाद प्रत्याशी कांग्रेस के साथ बताए जाते हैं। कांग्रेस ने जिला भर में 43 में से कुल 20 सीटों पर अपना कब्जा जमाया, जबकि भाजपा 18 सीटों पर सिमट गई। वहीं, पांच आजाद प्रत्याशी चुनकर आए हैं, जिनमें से अधिकांश कांग्रेस को समर्थन देने वाले हैं। लिहाजा जिला के शहरों में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। वहीं, दौलतपुर में पहले ही सभी प्रत्याशियों द्वारा विरोध स्वरूप नामांकन वापस लेने पर वहां सन्नाटा छाया रहा।
दौलतपुर चौक नगर पंचायत में चुनाव नहीं हुए। चुनावी नतीजों पर गौर करें तो ऊना नगर परिषद में कांग्रेस 6, भाजपा 4, जबकि एक आजाद उम्मीदवार जीते हैं। वहीं, संतोषगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस के 6, भाजपा के तीन उम्मीदवार निर्वाचित हुए। इसी तरह नगर पंचायत मैहतपुर में कांग्रेस तीन, भाजपा 4, जबकि दो आजाद प्रत्याशी विजयी हुए हैं। नगर पंचायत गगरेट में भाजपा को 4, आजाद 2, जबकि कांग्रेस को महज 1 ही सीट मिल पाई। नवगठित नगर पंचायत टाहलीवाल में कांग्रेस को 4, जबकि भाजपा को 3 सीटें मिलीं।
इनसेट
जिले में कुल 76.50 फीसदी पोलिंग
कुल 23112 मतदाताओं ने किया मतदान
ऊना। नगर निकाय चुनावों में जिले में कुल 76.50 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। जिला ऊना के दो नगर परिषद व तीन नगर पंचायत चुनावों में कुल 29758 मतदाताओं में से 23112 मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें 11576 पुरुष तथा 11536 महिला मतदाताओं ने अपने मत डाले। ऊना नगर परिषद के कुल 12327 मतों में से 9228 पोल हुए, जिनमें 4593 पुरुष तथा 4635 महिला मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। टाहलीवाल नगर पंचायत के कुल 2436 मतों में से 2087 मत पड़े, जिनमें 1062 पुरुष तथा 2525 महिला मतदाता शामिल हैं। मैहतपुर नगर पंचायत के कुल 6123 मतों में से 5072 मत पड़े, जिनमें 2521 पुरुष व 2491 महिला मतदाता शामिल रहे। संतोषगढ़ नगर पंचायत के कुल 6450 मतों में से 5157 मत पड़े। यहां 2581 पुरुष व 2576 महिला वोटरों ने वोट डाला। गगरेट से कुल 2422 मतों में से 1628 मतदाताओं ने मत डाले। इनमें 819 पुरुष व 809 महिला मतदाता शामिल रहे।