संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। ऊना जिला के सीमावर्ती क्षेत्र मैहतपुर में पुलिस चौकी स्तरोन्नत होकर पुलिस थाना के रूप में कार्यान्वित हो गई है। इससे सरहदी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता होगी।
पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बाकायदा पत्र जारी करके सभी विभागों को इसकी सूचना जारी कर दी है, जिसमें कहा गया है कि मैहतपुर पुलिस चौकी अब पुलिस थाने के रूप में अपग्रेड कर दी गई है। पुलिस थाना के रूप में कामकाज भी शुरू हो गया है। थाना के लिए 19 नए पदों को सृजित किया गया है। इन्हें भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस चौकी के मौजूदा स्टाफ को फिलहाल मैहतपुर में ही रखा गया है। स्थानीय चौकी में तैनात सब इंस्पेक्टर केवल सिंह ठाकुर को पदोन्नति देकर बतौर एसएचओ तैनात कर दिया गया है। माना जा रहा है कि थाना बनने के बाद ऊना जिला के इस सरहदी क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में बड़ी मदद मिलेगी।
पुलिस थाना क्षेत्र में वह सभी ग्राम पंचायतें तथा नगर परिषद आएंगे, जो पहले पुलिस चौकी के अधीन थे। फिलहाल नया क्षेत्र पुलिस थाना के साथ नहीं जोड़ा गया है। पुलिस थाना का अपना नया भवन तैयार न होने तक कामकाज वर्तमान में चल रहे किराए के भवन में ही चलता रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्र मैहतपुर में अपराध का ग्राफ अन्य क्षेत्रों से कम है, लेकिन यहां पुलिस थाना बनने से कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने में सरकार का यह निर्णय उपयोगी साबित होगा।
शहीद कैप्टन अमोल कालिया प्रवेश द्वार से लेकर रेलवे रोड चौक तथा अन्य चौक-चौराहों पर सुरक्षा बंदोबस्त और अधिक पुख्ता होंगे, ऐसी उम्मीद लोगों को जगी है। पुलिस थाना मैहतपुर के एसएचओ केवल सिंह ठाकुर ने कहा कि नई जिम्मेवारी को वह पूरी लग्न, निष्ठा और कर्मठता से निभाएंगे था ताकि इस क्षेत्र में कानून व्यवस्था को कायम रखा जा सके।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अर्जित सिंह ठाकुर ने कहा कि फिलहाल पुलिस थाना का कामकाज वर्तमान में चल रहे किराए के भवन में ही चलता रहेगा। पुलिस थाना का अपना भवन बनने पर इसे शिफ्ट किया जाएगा।