ऊना। शहर में फुटपाथ को सुरक्षित करने के लिए सड़क किनारे रेलिंग लगाई जाएगी। यह फैसला डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बुधवार को रोड सेफ्टी क्लब की बैठक में लिया।
बैठक में एसडीएम पृथ्वीपाल, तहसीलदार ऊना राजकुमार ठाकुर एवं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
थाना सदर ऊना में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएसपी ने कहा कि पिछली बैठक में लिए गए फैसलों पर भी अमलीजामा पहनाया गया। उन्होंने कहा कि रेड लाइट चौक पर यातायात को सुचारू बनाने के लिए कर्मचारीी तैनात किए गए हैं ताकि लाल बत्ती चौक के पास वाहन चालक को किसी प्रकार की समस्या पेश न आए। उन्होंने कहा कि जल्द ही फुटपाथ को सुरक्षित करने के लिए पीडब्लूडी विभाग द्वारा रेलिंग लगवाने में सहायता की जाएगी। इसके अलावा मुख्य चौक पर सड़क किनारे खड़े रेहड़ियों व वाहनों के लिए भी जगह सुनिश्चित की जाएगी ताकि राहगीरों को गुजरने में किसी प्रकार की समस्या पेश न आए।
डीएसपी ने कहा कि रोड सेफ्टी क्लब द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण अभियान निरंतर जारी रहेगा। आने वाले दिनों में अतिक्रमण फैलाने वाले व्यापारियों पर भी नकेल कसी जाएगी। वहीं एसडीएम पृथ्वीपाल सिंह ने क्लब को यातायात नियमों को सुचारू करने के लिए बनाए जाने वाले साइन बोर्ड के लिए 25 हजार रुपये धनराशि स्वीकृत की। उन्होंने यातायात रोड मैप बनाने के तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया, जिसमें विजय डोगरा, एसएन शुक्ला व अमन शर्मा शामिल हैं। बैठक में व्यापार मंडल के महासचिव राकेश कैलाश, एसएन शुक्ला, अमन शर्मा, एमएमल सैणी, महेंद्र वर्मा, नरेंद्र सैणी, तिलक राज मैहन, पीडब्लूडी विभाग व बिजली विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।