ऊना। हिमाचल प्रदेश पुलिस में पुरुष और महिला आरक्षियों की भर्ती के लिए शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण के ई-कॉल लेटर हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पात्र अभ्यर्थियों की यूजर आईडी पर अपलोड कर दिए हैं। जिला ऊना में यह परीक्षाएं 13 से 16 नवंबर तक पुलिस लाइन झलेड़ा के मैदान में आयोजित होंगी।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि 13, 14 और 15 नवंबर को पुरुष अभ्यर्थियों, जबकि 16 नवंबर को महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। पात्र अभ्यर्थी अपनी यूजर आईडी पर लॉगइन कर ई-कॉल लेटर डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें परीक्षा से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बताया कि अभ्यर्थियों को उनके आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भी संदेश भेजकर सूचित किया गया है। किसी भी अभ्यर्थी को अलग से भौतिक कॉल लेटर नहीं भेजा जाएगा। इसलिए सभी पात्र अभ्यर्थियों को समय रहते ई-कॉल लेटर डाउनलोड कर उसमें दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए तय समय पर झलेड़ा पुलिस लाइन में पहुंचना अनिवार्य होगा। बताया कि भर्ती प्रक्रिया या कॉल लेटर डाउनलोड करने में परेशानी होने पर अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के दूरभाष नंबर 0177-2629738 और 0177-2624313 या टोल फ्री नंबर 1800-180-8004 पर संपर्क कर सकते हैं।