भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी पुलिस ने कोरोना काल में बिना मास्क पहने वाले लोगों पर कार्रवाई करते हुए तीन हजार के चालान काटकर दस लाख के करीब जुर्माना वसूला है। पुलिस ने यह कार्रवाई सरकार के आदेशों के बाद लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चलाए अभियान के तहत की।
हालांकि कई बार पुलिस को बिना मास्क घूमने वाले श्रद्धालुओं के चालान काटने के दौरान विरोध का भी सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह की अगुवाई में पूरी टीम कोरोना संक्रमण के खतरे से बचाने को लेकर लोगों को घरों में रहने व कोविड नियमों का पालन करने को जागरूक करती रही और इस दौरान हर जरूरतमंद की मदद भी करती रही।
बॉक्स
नियमों की अवहेलना पर 25 चालान
ऊना। जिला पुलिस ने यातायात व अन्य नियमों की अवहेलना करने पर रविवार को कुल 25 चालान किए गए। इनमें से 12 चालानों का मौका पर ही निपटारा करके जुर्माने के रूप में कुल 6200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वहीं सार्वजनिक स्थान पर फेस मास्क न पहनने पर चार व्यक्तियों का चालान काटा गया और उनसे दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने पर पांच व्यक्तियों का चालान कर जुर्माने के रूप में कुल पांच सौ वसूले गए। एक चालान खनन अधिनियम के अंतर्गत किया गया।