ऊना। साडा हक ऐथे रख... परिवहन मंत्री मुर्दाबाद... दिवाली से एक दिन पहले शनिवार को पुराना बस अड्डा का परिसर ऐसे नारों से गूंज उठा। दरअसल शनिवार को पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की आयोजित बैठक में गुस्साए पदाधिकारियों और सदस्यों ने परिवहन मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन ऊना इकाई ने सरकार ने चेतावनी दी है कि इस माह 28 तारीख तक उनके पांच फीसदी डीए सहित अन्य लंबित पड़ी मांगों को पूरा नहीं किया तो सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।
पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की बैठक जिला अध्यक्ष किशोरी लाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने लंबित वित्तीय देनदारियों, महंगाई भत्ते (डीए) और अन्य आर्थिक लाभ को लेकर की गई मांग पूरी न होन पर सरकार को जमकर कोसा।
किशोरी लाल ने कहा कि सरकार निगम के पेंशनरों को झूठे वादे कर गुमराह कर रही है। किशोरी लाल ने कहा कि सरकार की ओर से कर्मचारियों की मांगों को लेकर उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सेवारत कर्मचारियों को पांच प्रतिशत डीए देने की घोषणा की गई है जबकि पेंशनरों को केवल तीन प्रतिशत डीए देने का आश्वासन दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल परिवहन संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से पहले भी प्रबंधन निदेशक और सरकार के समक्ष मांगपत्र सौंपकर लंबित देनदारियों के भुगतान की मांग उठाई गई है। प्रबंधन के साथ हुई बैठकों में भी कई आश्वासन मिले, लेकिन कुछ ही दिनों के बाद सरकार ने प्रबंधन निदेशक का ही तबादला कर दिया।
बैठक में महासचिव सतपाल शर्मा ने भी सरकार और निगम प्रबंधन से पेंशनरों की मांगों को गंभीरता से लेने की बात कही है।