ऊना। हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन ऊना की बैठक वीरवार को जिला प्रधान किशोरी लाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेंशनरों ने लंबित मांगों और भुगतान में हो रही देरी को लेकर सरकार व निगम प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि नौ करोड़ रुपये से अधिक के मेडिकल बिल अभी लंबित पड़े हैं। भुगतान न किए जाने से पेंशनरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ऊना के महासचिव सतपाल शर्मा ने कहा एक तरफ मेडिकल बिलों का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है और दूसरी ओर पेंशन भी महीने के अंत में दी जा रही है। संगठन ने मांग उठाई कि सभी पेंशनरों को हर माह एक साथ पेंशन जारी की जाए। पेंशनरों का आरोप है कि 70 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनरों को जनवरी 2016 से संशोधित वेतनमान का एरियर भी जारी नहीं किया गया है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि चिकित्सा बिलों और एरियर का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो पेंशनर आंदोलन तेज करेंगे। 65 से 70 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनरों को एरियर की एकमुश्त राशि देने की मांग भी दोहराई गई। बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।