भीषण गर्मी के बीच टेस्ट करवाने पहुंचे मरीजों के छूटे पसीने
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मातृ-शिशु अस्पताल के भवन में चल रही क्रस्ना लैब के बाहर पंखों की कोई व्यवस्था न होने से मरीजों व तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा उक्त स्थान पर बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियों की संख्या भी काफी कम है। ऐसे में अधिकतर मरीज कतार में लगकर ही अपनी बारी का इंतजार करते हैं।
इस समस्या पर अस्पताल प्रबंधन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार करवाने के लिए जिले के स्थानीय लोगों के अलावा कामकाज के सिलसिले में रह रहे प्रवासी लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। उपचार के पूर्व अधिकतर मरीजों को चिकित्सक की ओर से पहले विभिन्न प्रकार से टेस्ट करवाने के लिए कहा जाता है। ऐसे में मरीज अस्पताल में स्थित क्रस्ना लैब में निशुल्क टेस्ट सुविधा का लाभ लेने के पहुंचते हैं, लेकिन भीषण गर्मी के बीच मरीज व तीमारदारों को बिना पंखें की सुविधा के सैंपल कलेक्शन काउंटर पर कतार के बीच इंतजार करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जिले में जहां लू के चलते गर्मी से लोग परेशान हैं। वहीं, मातृ-शिशु अस्पताल के भवन में चल रहे क्रस्ना लैब के कांउटर के बाहर पंखों की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में मरीज रोजाना भीषण गर्मी के चलते परेशान हो रहे हैं। शनिवार को कांउटर के बाहर टेस्ट करवाने के लिए पहुंचे मरीजों और तीमारदारों में सोहन लाल, विकास कुमार, राजेश गर्ग, प्रवीण कुमारी, रूप लाल, वामिका आदि ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को काउंटर के बाहर पंखों की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मरीजों को भीषण गर्मी में परेशान न होना पड़े।
कोट्स
मातृ-शिशु अस्पताल में अभी सेंट्रल ऐसी सुविधा को लगाने का काम चल रहा है। जहां तक कांउटर के बाहर पंखे लगाने की बात है, तो इस समस्या का जल्द हल किया जाएगा, ताकि लोगों को गर्मी में परेशान न होना पड़े।
डाॅ. संजीव मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, ऊना