टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल थाना क्षेत्र के तहत एक नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन मरीज के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चरणजीत गिरी (33), निवासी गांव जोनेवाल, जिला लुधियाना (पंजाब) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चिट्टा का आदी था। परिजनों ने उसे दो अक्तूबर को टाहलीवाल स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। शिकायत के अनुसार तीन अक्तूबर को नशा न मिलने पर जब उसने दर्द होने की शिकायत करते हुए दवाई मांगी तो केंद्र के सदस्यों शुभम, किन्दा, गुरविंद्र, काला, दाता और गोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसे गाड़ी में डालकर गढ़शंकर में एक ढाबे पर छोड़ दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद टाहलीवाल पुलिस ने केंद्र के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है, और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।