ड्राइवर, अड्डा प्रभारी और टेक्निकल स्टाफ से की पूछताछ
डीडीएम ऊना को सौंपा जांच का जिम्मा, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना बस अड्डे पर सरकारी बस चालक की सीट की बैक रेस्ट टूटने के मामले में एचआरटीसी ने कड़ा संज्ञान लिया है। प्रबंधन ने घटना की जांच के लिए उपमंडलीय प्रबंधक (डीडीएम) ऊना सुरेश धीमान की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम गठित की है, जिसमें जेटीओ और सुपरिंटेंडेंट भी शामिल हैं। शनिवार को जांच टीम ने बस चालक रवि कुमार, कर्मशाला में तैनात तकनीकी कर्मचारियों और बस अड्डा इंचार्ज से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। इन्हीं बयानों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में सामने आया है कि बस चालक की सीट की बैक रेस्ट ऊना बस अड्डे से करीब एक किलोमीटर पहले रक्कड़ के पास टूट गई थी। सीट की एक पत्ती टूटने के कारण लॉक सिस्टम फेल हो गया था, जिससे सीट पीछे की ओर गिर गई।
बस सोलन के परवाणू से कांगड़ा जा रही थी। सीट टूटने के बाद चालक ने बस को सुरक्षित रूप से ऊना बस अड्डे तक पहुंचाया और अड्डा प्रभारी संजीव पाठक को इसकी जानकारी दी। अड्डा प्रभारी ने बस को वर्कशॉप भेजने और दूसरी बस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके बाद बस को कांगड़ा भेजा गया। जांच में यह भी पाया गया कि बस को कर्मशाला से निकालने के बाद फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया गया था। डीडीएम ऊना सुरेश धीमान ने बताया कि फिलहाल जांच पूरी होने तक चालक को बस ड्यूटी से हटा दिया गया है।
कर्मशाला ले जाते समय निजी ऑपरेटर ने बनाया था वीडियो : रवि
बस चालक रवि कुमार ने बताया कि बस अड्डे से लगभग एक किलोमीटर पहले सीट की बैक रेस्ट टूट गई थी। काउंटर पर लगाने की वजह से उसने बस को अड्डे तक पहुंचाया और अड्डा प्रभारी को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इसी दौरान एक निजी बस ऑपरेटर ने बिना बात किए वीडियो बना लिया। इसका उद्देश्य एचआरटीसी की छवि को धूमिल करना था। चालक ने कहा कि बस में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी और बस अड्डे पर लाने के बाद ही वर्कशॉप भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
वीडियो मामले पर कानूनी सलाह लेगा निगम
डीडीएम ऊना सुरेश धीमान ने बताया कि निजी ऑपरेटर की ओर से वायरल वीडियो एचआरटीसी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। इस पर लीगल एडवाइज ली जाएगी। वकील से सलाह के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो बनाए जाने के समय बस में कोई सवारी मौजूद नहीं थी।
कोट्स
मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर इसकी जिम्मेदारी डीडीएम ऊना को सौंपी गई है। वह रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -राज कुमार पाठक, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर