संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली/टाहलीवाल (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को जखेवाल में संत बाबा ढांगू वाले महाराज की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उन्होंने पूज्य संत अनूप महाराज से आत्मीय भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से पंडोगा में प्रस्तावित रोपवे परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला रोपवे वनखंडी के समीप स्थित रेस्ट हाउस से वनखंडी माता मंदिर तक विकसित किया जाएगा जिससे श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और आकर्षक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल-पंजाब सीमा के समीप विकसित होने वाला यह रोपवे न केवल आस्था और पर्यटन को जोड़ने का माध्यम बनेगा बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा।
इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और हरोली को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संत ढांगू वाले महाराज का जीवन जनसेवा, शिक्षा के प्रसार और मानव कल्याण के उच्च आदर्शों को समर्पित रहा। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के माध्यम से ज्ञान का दीप प्रज्वलित किया और स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए मानवता की सच्ची सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जो समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संतों की इस महान परंपरा को आगे बढ़ाते हुए धार्मिक स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है।