ऊना/अंब/मरवाड़ी (ऊना)। जिले में कई जगह करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए बस अड्डे आफत बन गए हैं। शहर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बनाए बस अड्डों से जाम लगना आम हो गया है।
ऊना, अंब और दौलतपुर बस अड्डों में बसों के आवागमन से जाम लग रहा है। कुछ बस संचालक बस अड्डे के बाहर नेशनल हाइवे पर बसों को खड़ा कर सवारियों को चढ़ाते और उतारते हैं। इससे हादसे का भी खतरा बढ़ गया है। दौलतपुर बस अड्डे पर दिन भर इक्का-दुक्का बस ऑपरेटर ही बस स्टैंड में सवारियां उतारते हैं। नगर पंचायत दौलतपुर चौक से चलने वाली अधिकतर बसें सड़क किनारे खड़ी कर सवारियों को उतारने और चढ़ाने के साथ-साथ अपना रुकने का समय भी वहीं व्यतीत करते हैं। इससे यातायात व्यवस्था ठप हो रही है। इससे हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
अंब बाजार के बीचोंबीच नया बस स्टैंड बनाया गया है। यहां जगह पर्याप्त न होने के कारण बसों को सवारियां लेने के लिए सड़क पर ही खड़ा करना पड़ रहा है। बस अड्डा परिसर में तीन मंजिला भवन बनाया गया है। लगभग आधे बस अड्डा परिसर में टैक्सियां खड़ी रहती हैं। आकार में छोटा होने से यहां अकसर बसों को खड़ा करने में दिक्कत आती है। टैक्सी चालक अड्डा परिसर के अंदर ही टैक्सियां खड़ी कर देते हैं। यहीं से वे सवारियां उठाते हैं।
सबसे बड़ी समस्या गगरेट, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, दौलतपुर, पठानकोट, चिंतपूर्णी, धर्मशाला की तरफ जाने वाले यात्रियों को होती है। इन रूटों की बसें बस अड्डा के सामने सड़क पर ही खड़ी करके सवारियां चढ़ाई जाती हैं। इस कारण सड़क पर अकसर जाम लग जाता है।
शहर के बीच बस अड्डा बनाने से लग रहा जमा
ऊना बस अड्डा शहर के बीचोंबीच है। बस अड्डे का प्रवेश और निकासी द्वार भी एक तरफ है। इसके चलते आए दिन चंडीगढ़-धर्मशाला एनएच पर जाम लग रहा है। हमीरपुर और चंडीगढ़ की तरफ से आने वाली बसों को एक लेन क्रॉस करके बस अड्डे में जाना पड़ता है। इसी तरह ऊना से अंब और धर्मशाला जाने वाली बसों को भी एक लेन क्रॉस करनी पड़ती है। लेन क्रॉस करते वक्त जाम लग रहा है। इसके अलावा कुछ निजी बस संचालक बस अड्डे के बाहर एनएच पर ही बसों को खड़ा कर सवारियां चढ़ाते और उतारते हैं। इससे एनएच पर जाम लगता है।
बता दें कि बस अड्डे से साथ लगते टक्का रोड से भी वाहनों का एनएच पर आवागमन चला रहता है। इससे भी बस अड्डे के बाहर जाम लगा रहता है। दूसरी तरफ अधिकतर निजी बस संचालक बस अड्डे के बाहर से काफी कम रफ्तार में रुकते हुए रोटरी चौक और शहीद भगत सिंह चौक पर सवारियां चढ़ाते हैं। इससे भी जगह-जगह ट्रैफिक जाम लगा रहता है।
एचआरटीसी के कार्यवाहक क्षेत्रीय प्रबंधक दर्शन सिंह ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है। इस समस्या को दूर किया जाएगा।
एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि बसों के आवागमन के कारण लगने वाले जाम को दूर करने के लिए यातायात पुलिस को निर्देश दिए जाएंगे।
प्रशासन बनाएं व्यवस्थाएं: सुमेश
प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश कुमार शर्मा ने कहा कि बस अड्डों के बाहर व्यवस्थाओं को सुधारा जाना चाहिए। जाम लगने से सारी व्यवस्था धराशायी हो जाती है। व्यवस्था पुख्ता करने के लिए कदम उठाने जरूरी हैं।
बस अड्डे में टैक्सियां, बसें सड़क पर : संदीप
ट्रांसपोर्टर संदीप कुमार ने बताया कि अंब बस अड्डे पर पूरा दिन टैक्सियां खड़ी रहती हैं। ऐसे में मजबूरन सड़क पर बस खड़ी करनी पड़ती हैं। इस संबंध में प्रशासन व्यवस्था बनाए।