स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जरूरी उपकरण और मशीनें स्थापित करने की मिली मंजूरी
लंबे समय से उपकरण मिलने का किया जा रहा था इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मातृ-शिशु अस्पताल ऊना में तैयार ऑपरेशन थिएटर (ओटी) जल्द ही कार्यशील हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग ने ओटी के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरण और मशीनों की स्थापना के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है, जिससे लंबे समय से चल रहा इंतजार खत्म हो गया है। इस माह में उपकरणों की आपूर्ति और इंस्टॉलेशन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मातृ-शिशु अस्पताल का ओटी रूम काफी समय पहले तैयार हो चुका था, लेकिन आवश्यक सर्जिकल उपकरणों और मशीनों के अभाव के कारण यहां ऑपरेशन नहीं हो पा रहे थे। इस कारण गर्भवती महिलाओं को जटिल मामलों के लिए क्षेत्रीय अस्पताल के पुराने ऑपरेशन थियेटर में भेजा जाता था, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को असुविधा होती थी। अब एनेस्थीसिया मशीन, ऑपरेशन टेबल, लाइट्स, मॉनिटरिंग सिस्टम समेत अन्य जरूरी उपकरण ओटी में उपलब्ध कराए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इन उपकरणों की आपूर्ति और इंस्टॉलेशन जल्द ही कर दी जाएगी ताकि ओटी को पूरी तरह से सक्रिय किया जा सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
मातृ-शिशु अस्पताल में ओटी की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सकेगी। क्षेत्रीय अस्पताल में रोजाना महिला मरीजों की भारी भीड़ होती है, जिससे मातृ-शिशु अस्पताल का निर्माण आवश्यक हो गया था। वर्तमान में इस अस्पताल में गायनी ओपीडी, शिशु रोग ओपीडी, गायनी वार्ड, चिल्ड्रन वार्ड जैसी सुविधाएं पहले ही शुरू की जा चुकी हैं। अब ओटी का संचालन भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे अस्पताल में आने वाली महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
कोट
मातृ-शिशु अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर जल्द ही शुरू हो जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक उपकरणों की खरीदारी हो चुकी है और इंस्टॉलेशन जल्द ही शुरू किया जाएगा।
-डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना