क्षेत्रीय अस्पताल में ही हो रहे गर्भवती महिलाओं से संबंधित ऑपरेशन
अस्पताल प्रबंधन ने बजट मुहैया करवाने के लिए उच्च अधिकारियों के समक्ष रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मातृ-शिशु अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर (ओटी) के उपकरणों की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं के ऑपरेशन नए भवन में नहीं हो पा रहे हैं। इस स्थिति में मरीजों को क्षेत्रीय अस्पताल में बने ऑपरेशन थियेटर की ओर रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन ने इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों से शीघ्र उपकरण मुहैया करवाने की मांग उठाई है। मातृ- शिशु अस्पताल में वर्तमान में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं चल रही हैं, लेकिन ओटी की सुविधा अब तक शुरू नहीं हो पाई है। अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन थियेटर के संचालन के लिए चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट से भी बजट की मांग की है। विभाग के उच्च अधिकारियों से भी इस मुद्दे को उठाया गया है और उन्होंने जल्द उपकरण मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है।
वर्तमान में गायनी ओपीडी और गायनी वार्ड तो अस्पताल के भवन में ही चल रहे हैं, लेकिन ऑपरेशन के लिए मरीजों को क्षेत्रीय अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को दिक्कतें हो रही हैं। विभाग की ओर से समय रहते उपकरणों का प्रबंध नहीं किए जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
मातृ शिशु अस्पताल के भवन में स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करने में पहले भी काफी समय लगा था। अब जबकि स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हुई हैं, ओटी का संचालन न हो पाना अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द हो, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कोट्स
मातृ शिशु अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर शुरू करने के लिए उपकरणों की कमी है। इसे लेकर चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट और स्वास्थ्य विभाग से समय-समय पर मांग उठाई गई है। विभाग ने जल्द उपकरण मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है। उपकरण मिलते ही ओटी की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। - डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना