क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में एक और युवक में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। पीड़ित युवक बंगाणा के बुधाण गांव का रहने वाला है। पीड़ित का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने पीड़ित को डेंगू से संबधित अन्य टेस्ट भी करवाने की सलाह दी है।
जानकारी के मुताबिक बुधाण निवासी शिवेश (20) चंडीगढ़ में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। कुछ दिन पहले उसे वहां पर बुखार की शिकायत हुई। स्थानीय स्तर पर उपचार करवाने के बाद जब उसे राहत न मिली तो वह अपने घर लौट आया। घर वापस आने पर भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं आया। परिजन पीड़ित शिवेश को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसमें डेंगू के लक्षण पाए जाने की बात कही।
वहीं, चिकित्सकों ने पीड़ित को विभिन्न टेस्ट भी करवाने की सलाह दी है। स्थानीय स्तर पर करवाए गए टेस्ट में भी युवक में डेंगू के कुछ लक्षण मिले हैं। इसके चलते पीड़ित को उच्च स्तरीय लैब से जांच करवाने के लिए भी कहा है। बताया जा रहा है कि शिवेश जहां चंडीगढ़ में रहता है, वहां पर उसके साथियों को डेंगू की शिकायत थी, जिसके चलते वह भी इसकी चपेट में आ गया। गौरतलब है कि जिले में आए दिन डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। अब तक डेंगू के दर्जन भर मामले सामने आ चुके हैं। ज्यादातर मामलों में बाहरी राज्यों में ही लोग डेंगू की चपेट में आए हैं। उधर, सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि युवक को टेस्ट करवाने के लिए कहा गया है। टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही डेंगू की पुष्टि हो सकेगी।