बंगाणा के धुंधला के जमासनी माता मंदिर के सामने एचआरटीसी बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई है। मृतक की पहचान केसरी लाल पुत्र संतराम निवासी सासण के रूप में हुई है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उधर, पुलिस ने मामले के संदर्भ में बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात केसरी लाल बंगाणा की ओर से वापस अपने घर सासण जा रहा था कि धुंधला स्थित जमासनी माता मंदिर के पास हमीरपुर से दिल्ली जा रही एचआरटीसी की डीलक्स बस के साथ उसकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार बुरी तरह से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद उसे स्थानीय लोगों की मदद से नाजुक हालत में बंगाणा अस्पताल पहुंचाया।
लेकिन स्थिति नाजुक होने के चलते चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऊना अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही घायल केसरी ने दम तोड़ दिया।
बंगाणा थाना प्रभारी त्रिलोक चंद ने बताया कि पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।