ऊना। जिला मुख्यालय के निकट कोटला कलां स्थित रेलवे फाटक के पास से वीरवार को दिनदहाड़े ब्रेड से लदी ट्राला जीप चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपी काबू किए गए हैं। वाहन मालिक और स्थानीय लोगों ने पीछा किया तो चोरी की गई जीप बंगाणा मार्ग पर गांव थानाकलां के पास सड़क किनारे पलटी मिली। हादसे में दोनों आरोपी घायल हो हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरनोह निवासी सतपाल ने शिकायत दर्ज करवाई कि दो जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे कोटला कलां रेलवे फाटक के पास से दो युवक उसकी ट्राला जीप चोरी कर बंगाणा की ओर भाग गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उनका पीछा किया गया।
पीछा करने के दौरान जीप गांव थानाकलां के पास सड़क किनारे पलटी हुई मिली। दोनों आरोपी घायल अवस्था में पाए गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तलवीर सिंह निवासी गांव मूम, तहसील मेहर कलां, जिला बरनाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी बाल अपचारी है, जिसके विरुद्ध जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।