हमीरपुर बाजार में सब्जी खरीदती महिलाएं।
- फोटो : Hamirpur-HP
ऊना। जिला में गर्मी का मौसम के बाद हरी सब्जियों के दामों में नाममात्र की गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि, इस मामूली गिरावट से लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। गर्मी के मौसम में लाभदायक माने जाने वाले घिया के दाम दुकानों पर 40 रुपये प्रति किलो तक है। वहीं कई तरह के रोगों के खात्मे के लिए लाभदायक करेले की कीमत भी दुकानों पर 80 से 90 रुपये तक है। सप्ताह पहले घिया 50 रुपये और करेला 100 रुपये के आसपास मिल रहा था। इन सब्जियों की कीमत एक सप्ताह पहले 10 से 15 रुपये अधिक थी, लेकिन दामों में आई हल्की गिरावट के बावजूद लोगों पर महंगाई की मार जारी है। इस बीच, हैरत की बात यह है कि जिला की ही संतोषगढ़ सब्जी मंडी इन दोनों सब्जियों के भाव जिले की मुख्य मंडी के मुकाबले आधे हैं। ऊना मंडी में घिया के थोक भाव 30 से 33 रुपये प्रति किलो तक हैं। वहीं संतोषगढ़ मंडी में थोक कीमत 15 से 16 रुपये प्रति किलो के बीच है।
उधर, करेले की बात करें तो ऊना मंडी में इसकी थोक में कीमत 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक है। जबकि, संतोषगढ़ मंडी में करेला 40 से 42 रुपये के थोक भाव में उपलब्ध है। संतोषगढ़ पंजाब से सटा हुई इलाका है। इस क्षेत्र में बड़ी मात्रा में हरी सब्जियों का उत्पादन होता है। इसलिए, संतोषगढ़ मंडी में भाव कम बने हैं। उधर ऊना मंडी में पहुंचने वाली ज्यादातर सब्जी होशियारपुर मंडी से पहुंचती है। ऐसे में यहां पहुंची सब्जी के भाव दोगुना के आसपास हो जाते हैं।
जिला कृषि उपज मंडी समिति के सचिव भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि कई बार मंडी में सब्जी की कम आवक होने से भी दामों में उछाल आ जाता है। आने वाले दिनों में यह दाम और घटने की उम्मीद है।