विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कर रहे खानापूर्ति
रात के अंधेरे में की जा रही है इधर से उधर सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
लठियाणी (ऊना)। गोबिंद सागर झील में आजकल दो माह के लिए मछली पकड़ने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा हुआ है। इसके बावजूद झील में शिकारियों की ओर से मछली पकड़ने का कार्य बिना किसी डर से किया जा रहा है। मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी नींद में हैं। विभाग लोगों पर कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है। विभाग की ओर से झील के किनारे चेक पोस्ट बनाई है लेकिन यहां तैनात कर्मी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। क्षेत्र की दुकानों में चोरी से मछली बेची जा रही है। दुकानदार ग्राहकों को दुगने रेट में मछली बेचकर मोटी कमाई की जा रही है।
मत्स्य अधिकारी लठियाणी सुरेंद्र पटियाल का कहना है कि अभी तक उनके ध्यान में ऐसा मामला नहीं आया है। यदि कोई मछली पकड़ रहा है तो इसकी जानकारी विभाग को दें और हमारा सहयोग करें। जानकारी को गुप्त रखा जाएगा और ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।