ऊना। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से आयुष विभाग ने जिले के वेलनेस केंद्रों में नए उपकरण स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग द्वारा इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों से मंजूरी मांगी गई है। मंजूरी मिलते ही विभिन्न केंद्रों में आधुनिक स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें।
आयुष विभाग की ओर से वेलनेस केंद्रों में मरीजों की जांच और उपचार संबंधी सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। विभाग का मानना है कि आधुनिक उपकरण उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने के साथ आर्थिक बोझ भी कम होगा।
बताया जा रहा है कि जिन वेलनेस केंद्रों में मरीजों की संख्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर उपकरण स्थापित किए जाएंगे। विभाग की योजना के तहत स्वास्थ्य जांच से जुड़े उपकरणों के अलावा कुछ केंद्रों में योग गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसी कड़ी में वेलनेस केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जा रहा है। मंजूरी मिलने के बाद उपकरण खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जिले में कुल 51 आयुष वेलनेस केंद्रों का संचालन हो रहा है।
ग्रामीण स्तर पर आयुष वेलनेस केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। इस कड़ी में इन केंद्रों में नए उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसे लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-डॉ. किरण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी ऊना