ऊना। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए करीब पांच लाख रुपये का बजट खर्च होगा। नए उपकरण खरीदने के लिए विभाग से मंजूरी भी मिल गई है। इसे लेकर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। जिले के सबसे बड़े आयुर्वेदिक अस्पताल में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आयुर्वेदिक अस्पताल में आगामी दिनों में तीन सीसीटीवी कैमरे, चार एक्सरे व्यूयर, पांच थर्मो स्कैनर, पांच पल्स ऑक्सीमीटर, चार नेबोलाइजर व तीन एसी मुहैया करवाए जाएंगे। इसके लिए करीब पांच लाख रुपये का बजट खर्च होगा। बता दें कि बीते दिनों जिला आयुर्वेदिक अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की बैठक में उपायुक्त जतिन लाल ने अस्पताल प्रबंधन को नए उपकरण व सुविधाओं में विस्तार करने के लिए दिशा निर्देश जारी किए थे। इसके बाद से अस्पताल प्रबंधन ने पहले पंचकर्म के तीन नाड़ी संवेदन यंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है।
इस कड़ी में अब स्वास्थ्य विभाग अस्पताल प्रबंधन को नए उपकरण खरीदने के लिए मंजूरी प्रदान कर दी है। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में रोजाना जिले भर से लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए कार्य शुरू कर दिया है।
अस्पताल परिसर में पंचकर्म कक्ष का विस्तार किया जा रहा है। नए उपकरण खरीदने के लिए आगामी माह तक टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद नए उपकरण मुहैया करवाए जाएंगे।