बंगाणा कॉलेज में हुई प्रतियोगिता, कुल्लू के साक्षी राणा दूसरा स्थान पर रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में वीरवार को नेहरू युवा केंद्र ऊना की ओर से राज्यस्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, इसमें एनवाईके के डायरेक्टर सैमसन मसीह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस प्रतियोगिता का विषय देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण था। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जिला चंबा की नेहा कुमारी, जिला कुल्लू के साक्षी राणा ने दूसरा स्थान और जिला शिमला की स्मृति शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। जिन्हें क्रमश: 25 हजार, 10 हजार और पांच हजार की राशि से पुरस्कृत किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि नेहरू युवा केंद्र हिमाचल प्रदेश के डायरेक्टर सैमसन मसीह ने कहा कि जरूरी नहीं कि हर किसी को स्वतंत्रता सेनानी होना चाहिए या सेना, नौसेना या वायु सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहिए, अन्य माध्यमों से भी देशभक्ति की जा सकती है। नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त निदेशक लाल सिंह ने कहा कि अव्वल प्रतिभागी को राष्ट्रीय स्तर की भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. योगेश चंद्र सूद, सुशील पुंडीर पूर्व निदेशक उच्च शिक्षा शिमला और डॉ. किरण ठाकुर सहायक प्रोफेसर अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा ने निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के उप प्राचार्य सतर्देव, संयुक्त निदेशक इरा प्रभात सोलन, प्राचार्य डॉ सत्येंद्र कुमार शर्मा व अन्य मौजूद रहे।