फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: मेरे शहर के 100 रतन छात्रवृत्ति परीक्षा 29 को, स्कूलों को जारी हुए दिशा-निर्देश

Sun, 17 May 2026 07:03 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। हिमाचल प्रदेश सरकार और क्रैक अकादमी के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत आयोजित की जा रही मेरे शहर के 100 रतन छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्कूल शिक्षा उपनिदेशक (माध्यमिक) अनिल कुमार तक्खी ने जिला के सभी सरकारी एवं निजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रमुखों को परीक्षा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपनिदेशक ने बताया कि छात्रवृत्ति परीक्षा 29 मई 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को निशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग सुविधा उपलब्ध करवाना है। योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से चयनित शीर्ष 100 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा।
विज्ञापन


शिक्षा विभाग की ओर से सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के अधिक से अधिक विद्यार्थियों की परीक्षा में सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सरकारी उच्च विद्यालयों के अंतर्गत आने वाले विद्यार्थियों को भी परीक्षा में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया है। विद्यालयों को परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती, निरीक्षण व्यवस्था तथा वरिष्ठ अध्यापक को केंद्र अधीक्षक नियुक्त करने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त सभी स्कूलों से परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की संभावित संख्या तीन दिनों के भीतर उपनिदेशक कार्यालय को भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि समय रहते आवश्यक प्रबंध पूरे किए जा सकें।

उपनिदेशक अनिल कुमार तक्खी ने परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सरकारी और निजी विद्यालयों के प्रमुखों से विद्यार्थियों को परीक्षा में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करने और इस पहल को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें