मंत्रालय से औद्योगिक क्षेत्र में सेंटर स्थापित करने के लिए मिली मंजूरी
करीब 10 करोड़ की लागत से पंडोगा स्थित कम्युनिटी सेंटर भवन में स्थापित किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा औद्योगिक क्षेत्र में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने को मंजूरी प्रदान की है। यह टेक्नोलॉजी सेंटर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पंडोगा स्थित कम्युनिटी सेंटर भवन में स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही परवाणू में भी एक एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर्स की स्वीकृति हिमाचल प्रदेश में उद्योगों को सशक्त बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय ने देशभर में 13 नए टेक्नोलॉजी सेंटर एवं एक्सटेंशन सेंटर स्थापित करने के लिए कार्यालय ज्ञापन जारी किया है, जिनमें पंडोगा और परवाणू को भी शामिल किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन टेक्नोलॉजी सेंटर्स की स्थापना से प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उद्योगों को आधुनिक तकनीकी सहयोग उपलब्ध होगा, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं एमएसएमई इकाइयों की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पंडोगा और परवाणू दोनों टेक्नोलॉजी सेंटर एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर लुधियाना के अधीन संचालित एवं मार्गदर्शित होंगे, जिससे प्रशिक्षण और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकेगी।
बॉक्स
उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक ऊना अंशुल धीमान ने बताया कि टेक्नोलॉजी सेंटर्स की स्थापना से उद्योगों को क्वालिटी टेस्टिंग, डिजाइनिंग, आधुनिक मशीनरी और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों से टूल एंड डाई मेकिंग एवं रिपेयर, प्रोडक्ट डेवलपमेंट में भी सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त यहां कैड-कैम तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।