जिले के शराब ठेकों में ग्राहकों से मनमर्जी से प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। आलम यह है कि सौ रुपये प्रिंट रेट की बोतल 130 रुपये में बेची जा रही है। यदि कोई ग्राहक रेट अधिक वसूले जाने पर सवाल करता है, तो विक्रेता उससे उलझने से भी पीछे नहीं हटते।
ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें हमीरपुर रोड पर स्थित एक शराब ठेके पर दुकानदार ग्राहक से प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूल रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सौ रुपये प्रिंट रेट की बीयर की बोतल को विक्रेता 130 रुपये में देने की बात कर रहा है। ग्राहक दुकानदार से प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूलने को लेकर सवाल जवाब भी कर रहे हैं, लेकिन दुकानदार उल्टा उनके साथ ही उलझ रहा है। वीडियो में दुकानदार यहां तक कह रहा है कि वह अपनी मर्जी के दाम वसूल रहा है। यदि आपने बोतल लेनी है तो लो नहीं तो अगले ठेके में जाओ। यह पहला मामला नहीं है, जब शराब ठेकों में अधिक मूल्य दाम वसूलने का मामला सामने आया हो। इससे पहले भी जिला भर में शराब ठेकों में प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूले जाने की शिकायतें आती रही हैं, लेकिन आज दिन तक किसी ने भी कार्रवाई करना मुनासिब नहीं समझा। शराब के कारोबारी मनचाहे दाम वसूलकर ग्राहकों की जेबों में सरेआम डाका डाल रहे हैं, लेकिन इनको रोकने वाला कोई नहीं है।
वीडियो बनाने वाले युवकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शराब ठेके के विक्रेता तो उनके साथ मारपीट करने पर उतारू हो गए थे, लेकिन वे किसी तरह से वहां से भाग कर आ गए। उधर, आबकारी एवं कराधान विभाग के सहायक आयुक्त उज्जवल सिंह राणा ने कहा कि मामले को लेकर उनके पास किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लेकिन, फिर भी यदि कोई ठेका संचालक प्रिंट रेट से अधिक मूल्य पर बेचता पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।