भूतपूर्व सैनिकों ने सराहा निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। ब्रह्मपुर में स्थापित होने जा रही सैनिक कैंटीन का पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने दौरा किया। पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष बलबीर सिंह, जिला पार्षद सुशील कालिया भी उपस्थित रहे। पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कर्नल जोगिंदर पाल शर्मा ने कैंटीन के स्थानांतरण को पूर्व सैनिकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने बताया कि पिछले दो दशक से दौलतपुर चौक में संचालित लांस नायक करम सिंह पीवीसी सैनिक कैंटीन अब आधुनिक सुविधाओं के साथ ब्रह्मपुर में स्थानांतरित की जा रही है। यह कदम सुविधाओं को और बेहतर बनाने, ट्रैफिक की भीड़भाड़ से बचने और पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों को अधिक सुगमता के साथ सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। बताया कि ब्रह्मपुर में स्थित नया कैंपस ग्राउंड फ्लोर पर है। इससे बुजुर्ग सैनिकों, महिलाओं और आश्रितों को सीढ़ियों की कठिनाई से राहत मिलेगी। पहले कैंटीन दौलतपुर चौक बस स्टैंड भवन के प्रथम तल पर थी। जो अनेक वरिष्ठ नागरिकों के लिए असुविधाजनक थी। उधर, पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने बताया कि कैंटीन के नए स्थानांतरण से भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम की समस्याएं भी दूर होंगी। ब्रह्मपुर में पर्याप्त पार्किंग की सुविधा है। पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने बताया कि ब्रह्मपुर का भौगोलिक स्थान गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों के बीच होने के कारण यह दोनों क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों के लिए केंद्र बिंदु बन जाएगा। जिला पार्षद सुशील कालिया ने बताया कि सैनिक कैंटीन में एक विशेष सुविधा यह भी होगी कि ब्रह्मपुर परिसर में अब ईसीएचएस और सैनिक कैंटीन दोनों सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।