बड़ूही (ऊना)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धुसाड़ा में बुधवार को स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने अस्पताल को करीब सवा दो लाख रुपये की ब्लड सेल काउंटिंग मशीन भेंट की। साथ ही नवनिर्मित दंत शल्य कक्ष का शुभारंभ किया।
विज्ञापन
विधायक ने कहा कि ग्रामीणों को घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। नई मशीन से मरीजों को खून की जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा जबकि दंत शल्य कक्ष शुरू होने से दांतों के उपचार की सुविधा भी स्थानीय स्तर पर मिलेगी। इस दौरान रोगी कल्याण समिति की समीक्षा बैठक भी हुई। इसमें अस्पताल में उपलब्ध जांचों और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी नहीं करने का निर्णय लिया गया। धुसाड़ा पंचायत के प्रधान सतीश शर्मा ने अस्पताल को यूरिन एनालाइजर मशीन देने की घोषणा की। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रविंद्र शर्मा, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल और स्वास्थ्य खंड अधिकारी अंब डॉ. राहुल कतना सहित अन्य अधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।