बड़ूही (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बड़ूही बाजार में ओवरलोड टिपरों की बेलगाम आवाजाही लोगों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है।
टिपरों से सड़क पर गिर रही बजरी और उनकी तेज रफ्तार के चलते बाजार में कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर बिखरी बजरी दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
इसके बावजूद समस्या पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में रोष बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों सड़क पर बिखरी बजरी के कारण दो बाइक सवार अचानक फिसलकर सड़क पर गिर पड़े।
गनीमत रही कि दोनों वाहन चालकों को गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए। स्थानीय दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बड़ूही चौक से रोजाना ओवरलोड टिपर तेज रफ्तार से गुजरते हैं।
कई टिपर तीखे मोड़ों पर भी रफ्तार कम नहीं करते, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ टिपर बिना नंबर प्लेट के ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
स्थानीय निवासी मुनीष नंबरदार, दुकानदार अश्वनी गुप्ता वर्मा और सतीश महता ने बताया कि सुबह और शाम के समय टिपरों की लंबी कतारें बाजार से गुजरती हैं।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने कहा कि एसएचओ अंब और पुलिस चौकी जोल के साथ मिलकर बड़ूही बाजार का निरीक्षण किया जाएगा।
जहां भी आवश्यक होगा, वहां बैरिकेड लगाए जाएंगे। ओवरलोड टिपरों के चालान किए जाएंगे और क्रशर मालिकों को भी इस संबंध में चेतावनी दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।