प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने शुरू किया स्कूलों का औचक निरीक्षण
उपनिदेशक ने ख्वाजा-बसाल और भलोह स्कूल में जांचीं व्यवस्थाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा की ओर से स्कूलों में व्यवस्थाओं की जांच को लेकर औचक निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत वीरवार को दो स्कूलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्कूलों में सफाई से लेकर बच्चों के बैठने की व्यवस्था और मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच की गई।
उपनिदेशक ऊना सोमलाल धीमान ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला ख्वाजा बसाल, राजकीय प्राथमिक व माध्यमिक पाठशाला भलोह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपनिदेशक ने पाठशालाओं में सफाई, मिड-डे मील की व्यवस्थाओं सहित स्कूली की कार्य प्रणाली को जांचा। उन्होंने अध्यापकों से वार्तालाप कर उनकी समस्याओं को भी सुना। उपनिदेशक ने अध्यापकों को बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने, मिड-डे मील कर्मियों को भोजन बनाते समय सिर पर टॉपी, मुंह पर मास्क, एपरिन और बच्चों को अच्छा व पौष्टिक आहार प्रदान करने के उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पाठशालाओं के प्रमुखों को भी मिड-डे मील बनाते और परोसते समय स्वच्छता सुनिश्चित बनाने तथा पीने के पानी की टंकियों की साफ-सफाई सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी दिए।
निजी स्कूलों में भी चलेगा अभियान
उपनिदेशक ने बताया कि निजी स्कूलों की व्यवस्थाएं भी जांची जाएंगी। दस्तावेजों में निजी स्कूल जिन सुविधाओं का दावा करते हैं, उनको धरातल पर परखा जाएगा। विशेषकर निजी स्कूलों में खेल मैदान, वाहनों के दस्तावेज और कक्षाओं की स्थिति को आंका जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन बच्चों की पढ़ाई, सुरक्षा और खेलों को लेकर गंभीरता दिखाए। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।