ऊना। लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द द्वारा आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) में एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में कांगड़ा की टीम ने हमीरपुर को करारी शिकस्त देकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमसीएम डीएवी कॉलेज, कांगड़ा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 187 रन बनाए। कांगड़ा की ओर से ध्रुव सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 96 रन की शानदार पारी खेली। इसके अतिरिक्त वंश धीमान ने 26 रन तथा सीजी ने 36 रन का योगदान दिया। हमीरपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए मोहित सांगल ने दो विकेट हासिल किए जबकि रवि और शुभम ने एक-एक विकेट लिया। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमीरपुर की टीम कांगड़ा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम मात्र 46 रन पर सिमट गई। हमीरपुर की ओर से अक्षय ने 8, शुभम ने 9 तथा एक अन्य शुभम ने 10 रन बनाए। कांगड़ा की ओर से गेंदबाजी में विवेक तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट चटकाए, जबकि अभिषेक और आयुष धीमान ने दो-दो विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस प्रकार एमसीएम डीएवी कॉलेज, कांगड़ा ने फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए राजकीय महाविद्यालय नाहन और धर्मशाला के बीच मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।