लूट का शिकार हुई महिला गगनदीप व उसका पति गौरव वर्मा। स्रोत संवाद
ऊना अस्पताल में जांच करवा पति के साथ बाइक पर लौट रही थी महिला
ऊना पुलिस ने मामला दर्ज शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल/ऊना। उपमंडल नंगल के गांव कुलग्रां निवासी महिला के साथ ऊना के तहत पड़ते गांव बहडाला के निकट एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित महिला के पर्स में सात हजार की नकदी व मोबाइल और एटीएम कार्ड था। महिला के पति की मानें तो आरोपियों ने पर्स में रखे एटीएम से भी 50,000 रुपये की नकदी निकाली है। लूट का शिकार हुई पीड़ित महिला ने ऊना पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। कुलग्रां निवासी गौरव वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी गर्भवती पत्नी की क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जांच करवा वापस बाइक से गांव कुलग्रां आ रहा था। इसी दौरान गांव बहडाला के निकट एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश लुटेरों ने बाइक पर बैठी उसकी पत्नी से पर्स छीना और फरार हो गए। गौरव ने कहा कि उसने बाइक सवार युवकों का पीछा भी किया लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। गौरव ने कहा कि उसके पर्स में लगभग सात हजार रुपये नकद, मोबाइल, एटीएम व सोने के टॉप्स भी थे। शातिरों ने उसके एटीएम से 50 हजार रुपये भी निकलवा लिए।
उधर, गौरव की पत्नी गगनदीप ने कहा कि शायद लुटेरे ऊना अस्पताल से उनका पीछा कर रहे थे। जैसे ही एक तीखे मोड़ पर उनकी बाइक धीमी गति में हुई तो आरोपियों ने मौका पाकर पर्स छीन लिया। फिलहाल मामले ऊना पुलिस के पास पहुंच चुका है। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जल्द आरोपी काबू किए जाएंगे।