प्रदेश कुश्ती फेडरेशन की प्रदेशाध्यक्ष डिंपल ठाकुर ने किया विजेता-उपविजेता को सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। मां कपिला यूथ क्लब मलांगड़ की ओर से आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को ऊना और मलांगड़ की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच रोमांचक और कड़ी टक्कर देखने को मिली। मलांगड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऊना को 46-31 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश कुश्ती फेडरेशन की प्रदेशाध्यक्ष डिंपल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने क्लब को 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी भेंट की। इस अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रभारी सुमित शर्मा, भाजपा मंडलाध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, जिला परिषद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, थ्रोबाल एसोसिएशन महासचिव जोगिंद्र देव आर्य, सुदर्शन शर्मा, सुभाष शास्त्री, अजय शर्मा, रूपलाल, ज्योति शर्मा, साहिल शर्मा, केवल कृष्ण, प्रीतम ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। क्लब सदस्यों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना तथा उन्हें नशे से दूर रखकर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।