बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के चुरुडू क्षेत्र में घर से निकलकर चंडीगढ़ जा रहे नाबालिग लड़के और लड़की को स्थानीय लोगों ने रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों नाबालिगों की उम्र क्रमश 16 और 14 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर थाना अंब पहुंचाया है। मामले की सूचना संबंधित पुलिस थाना को दे दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चुरुडू में दोनों नाबालिग बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक स्किड होने से दोनों को चोटें लग गईं। स्थानीय दुकानदारों और पूर्व प्रधान चनन सिंह ने दोनों की मदद करते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया और खाना खिलाया। बातचीत के दौरान जब स्थानीय लोगों ने उनसे पूछताछ की तो नाबालिग लड़के ने बताया कि दोनों घर से निकलकर चंडीगढ़ जा रहे हैं। उसने यह भी बताया कि वह नाबालिग लड़की से प्रेम करता है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस थाना अंब के मुख्य आरक्षी वीरेंद्र मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों नाबालिगों को थाना अंब पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार इस मामले के संबंध में महिला पुलिस थाना धर्मशाला में पहले से मामला दर्ज है। सूचना मिलने के बाद धर्मशाला पुलिस की टीम आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए अंब पहुंच रही है। टीम के पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दोनों नाबालिगों को संबंधित पुलिस टीम के सुपुर्द किया जाएगा। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों नाबालिगों को सुरक्षित रखा गया है।