भरवाईं (ऊना)। शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को चलते-फिरते माता रानी के लाइव दर्शन करवाने के उद्देश्य से मंदिर न्यास की ओर से विभिन्न स्थानों पर लाखों रुपये खर्च कर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं लेकिन इनमें से ज्यादातर बंद पड़ी हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू की गई यह व्यवस्था बेकार साबित हो रही है और भक्तों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बाबा माईदास सदन के बाहर और अंदर लगाई गई एलईडी स्क्रीन लंबे समय से बंद हैं। वहीं माधो का टिल्ला के पास और मंदिर परिसर में स्थापित स्क्रीन भी पिछले कुछ दिनों से बंद पड़ी हैं। इन स्क्रीन को लगाने का उद्देश्य यह था कि मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालु परिसर के अलग-अलग स्थानों पर खड़े होकर भी माता रानी के लाइव दर्शन कर सकें। इससे मुख्य मंदिर में भीड़ के बीच पहुंचे बिना भक्तों को दर्शन की सुविधा मिलनी थी।
गौरतलब है कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी मां चिंतपूर्णी मंदिर में लाइव दर्शनों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाने की बात कही थी ताकि पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को माता रानी के दर्शन सुलभ हो सकें। इसके बावजूद कई जगह स्क्रीन बंद होने से मंदिर न्यास की व्यवस्थाओं और रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं।
जब श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं तो उनका नियमित रखरखाव क्यों नहीं हो रहा है? क्या मंदिर न्यास के अधिकारियों को इनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी नहीं है या फिर इन्हें दुरुस्त करवाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने मंदिर न्यास से बंद पड़ी सभी स्क्रीन को जल्द ठीक करवाने की मांग की है।
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है। जल्द एलईडी को दुरुस्त करवाकर लाइव प्रसारण शुरु कराया जाएगा।