दौलतपुर चौक (ऊना)। लुधियाना में अपहरण के मामले में पंजाब पुलिस ने अपर भंजाल गांव में दो आरोपियों की हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि लुधियाना में मंगलवार को सात वर्षीय बच्ची का अपहरण किया गया था।
अपहरणकर्ता कैमरों में कैद हो गए। इसके चलते पुलिस ने बच्ची को बरामद कर लिया, लेकिन प्रवासी अपहरणकर्ता किसी तरह पुलिस से बच कर अपने परिचितों के पास अपर भंजाल में पहुंच गए। बुधवार रात पंजाब पुलिस ने अपर भंजाल गांव में दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पंजाब पुलिस के अधिकारी ने कहा की इस संबंध में थाना डिविजन-2 लुधियाना में 364 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की विस्तृत जानकारी देने से उन्होंने इनकार किया दिया। उन्होंने कहा की मामले की छानबीन जारी है। इसमें कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अपर भंजाल के उपप्रधान राजेश कुमार का कहना है की पंजाब पुलिस ने रात को प्रवासी मजदूरों के दो ठिकानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर लुधियाना ले गई है। डीएसपी अंब मनोज जंबाल का कहना है की पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई की उनके पास कोई सूचना नहीं है।